30 सितंबर 2014 - 19:04
सीरिया का सहयोग जारी रखने पर ईरान ने दिया बल।

ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव ने सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद से भेंट में आतंकवाद से संघर्ष में दमिश्क़ सरकार के भरपूर समर्थन पर बल दिया है।

अबनाः ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव ने सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद से भेंट में आतंकवाद से संघर्ष में दमिश्क़ सरकार के भरपूर समर्थन पर बल दिया है।
अली शमख़ानी ने मंगलवार की शाम दमिश्क़ में सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद से भेंट में बल दिया कि मित्र देश सीरिया के संबंध में जो आतंकवाद से संघर्ष में अग्रिम पंक्ति में है, ईरान की सैद्धांतिक नीतियां पूरी गंभीरता के साथ जारी रहेंगी। उन्होंने तकफ़ीरी आतंकवाद के मुक़ाबले में सीरियाई राष्ट्र और सरकार के बहुपक्षीय प्रतिरोध की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकार के प्रति जनता का भरपूर समर्थन जो हालिया राष्ट्रपति चुनाव में सब पर स्पष्ट हो गया, सीरिया सेना की निरंतर सफलताओं का मुख्य तत्व है।
श्री अली शमख़ानी ने कहा कि आईएसआईएल से संघर्ष के लिए बनने वाला तथाकथित गठबंधन तथा पश्चिम और उसके क्षेत्रीय घटकों का प्रचारिक हो हल्ला, उनके अतीत के कारनामों की पोल खोलता है। उनका कहना कि आज जिन लोगों ने आतंकवाद से संघर्ष के लिए गठबंधन बनाया है कल वही लोग आतंकवाद के सबसे बड़े समर्थक थे और अब भी आतंकवादियों का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों से तकफ़ीरी आतंकवाद से संघर्ष में ईरान और सीरिया की सैद्धांतिक नीतियों के सही होने का यह ठोस प्रमाण है।
इस भेंटवार्ता में सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद ने सीरियाई जनता और सरकार के समर्थन के लिए ईरान का आभार व्यक्त किया और कहा कि दोनों देशों के मध्य संबंध और अधिक सुदृढ़ हुए हैं। उन्होंने इस अवसर पर तकफ़ीरी विचारधारा से संघर्ष के जारी रहने पर बल देते हुए कहा कि क्षेत्र के कुछ देश तकफ़ीरी विचारधारा को प्रचलित कर रहे हैं और उसका भरपूर समर्थन कर रहे हैं।